Badaun News : राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ प्राथमिक संवर्ग की बिसौली ब्लॉक इकाई का विधिवत गठन किया गया। ब्लॉक सभागार में आयोजित शिक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से उमेष कुमार गंगवार को ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया। चुनाव अधिकारी धीरज शर्मा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, जिसके बाद शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त किया।
बैठक के दौरान संगठन की मजबूती पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से कार्यकारिणी का चुनाव संपन्न हुआ। इसमें अंकुश गुप्ता को ब्लॉक मंत्री और पंकज कुमार को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिला इकाई द्वारा अनुमोदित सूची के अनुसार, श्रीमती सोनी अनार्य और मनोज कुमार को ब्लॉक उपाध्यक्ष पद पर चयनित किया गया है।
चुनाव पर्यवेक्षक सोनी गुप्ता की देखरेख में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला संयोजक दुष्यंत कुमार रघुवंशी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को पटका पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। अंत में, उपस्थित शिक्षकों ने नवनियुक्त टीम का माल्यार्पण कर और अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया। नवनियुक्त अध्यक्ष उमेश गंगवार ने शिक्षक हितों के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन अंकुश गुप्ता द्वारा किया गया, जिसमें भारी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ